3 साल से पत्नी मायके से नहीं लौटी तो पति ने उसकी ही साड़ी से लगा ली फांसी, सुसाइड नोट में कहा...

मध्य प्रदेश की राजधानी से एक ह्रदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक युवक अपनी पत्नी के मायके जाने से काफी दिनों से दुःखी था जिसके बाद उसने अपनी पत्नी की ही साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि, युवक की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और पत्नी शादी के एक साल बाद ही मायके चली गई थी। उनके बीच विवाद चल रहा था। मौके से मिले सुसाइड नोट में युवक ने खुदकुशी के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है।

अयोध्या नगर पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय प्रभाकर एक ऐड एजेंसी में जॉब करता था और ओल्ड मिनाल का निवासी था। उसकी शादी वर्ष 2015 में हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। नतीजन पत्नी प्रभाकर को छोड़कर अपने मायके चली गई। प्रभाकर ने पत्नी को समझाकर मायके से वापस लाने का काफी प्रयास किया। लेकिन हर बार वह मना कर देती थी।


प्रभाकर के घरवालों ने बताया कि इसी के चलते वह मानसिक तनाव में रहने लगी। रविवार की रात को खाना खाने के बाद प्रभाकर अपने कमरे में गया था। दूसरे दिन उसे ड्यूटी पर जाना था, लेकिन वह कमरे से बाहर नहीं आया। जब उसकी मां उसे बुलाने कमरे में गईं, तो वह उन्हें फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने उसे फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। 

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने अपने आप को खुदकुशी के लिए जिम्मेदार माना है। उसने लिखा कि उसकी मौत के बाद पुलिस उसके परिजनों को किसी तरह से परेशान नहीं करें। उसकी मौत का किसी से कोई लेना देना नहीं है।